सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित, 6 दिसंबर को होगा एग्जाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, भर्ती प्रक्रिया के तहत दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आज से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।

दिव्यांग अभ्यर्थी भर्ती के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में पात्र उम्मीदवारों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।

बता दें कि सहायक शिक्षक भर्ती के विज्ञापन में संशोधन करते हुए दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर देने का प्रावधान किया गया है। अब दृष्टिबाधित, श्रवणबाधित और सेरेब्रल पाल्सी श्रेणी के अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकेंगे।यह संशोधन बिलासपुर हाईकोर्ट के आदेश के बाद किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में शुद्धि पत्र जारी किया है। इससे उन दिव्यांग अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जो सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करना चाहते हैं।

सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर होनी है भर्ती

छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक के कुल 2292 पदों पर भर्ती की जानी है। इनमें ई-संवर्ग (E-संवर्ग) के 795 पद और टी-संवर्ग (T-संवर्ग) के 1497 पद शामिल हैं। भर्ती विज्ञापन में संशोधन के बाद अब दिव्यांग अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *