ससुर का कातिल दामाद ने थाने में किया सरेंडर, रायपुर के आउटर इलाके का मामला

रायपुर। ग्राम पठारीडीह में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के चलते आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना उरला, खमतराई, धरसींवा और सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।पुलिस के अनुसार, थाना धरसींवा में अज्ञात मृतक के संबंध में मर्ग जांच के दौरान मृतक की पहचान मोहन निषाद पिता स्व. रामप्रसाद निषाद के रूप में हुई।

जांच में घटनास्थल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या का खुलासा हुआ।जांच में सामने आया कि मृतक मोहन निषाद और उसके दामाद हेमराज निषाद उर्फ भूरी के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर आए दिन झगड़ा होता था। इसी विवाद के चलते हेमराज ने अपने साथी रोहित निषाद और संजय चौहान उर्फ मोरध्वज के साथ मिलकर मोहन निषाद की हत्या की साजिश रची।पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से मृतक के घर पहुंचे और उसकी हत्या कर दी।

इसके बाद शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे जीआई तार से बांधकर चादर में लपेटा गया और टाटा मैजिक वाहन में रखकर अन्यत्र ले जाया जा रहा था।इसी दौरान ग्राम परसतराई, थाना धरसींवा के पास पुलिस को देखकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने वाहन की जांच की तो उसमें मृतक मोहन निषाद का शव बरामद हुआ।मर्ग जांच के दौरान मृतक के ग्राम पठारीडीह स्थित घर का निरीक्षण करने पर महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले। मूल घटनास्थल थाना उरला क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने अपराध क्रमांक 442/2026 के तहत धारा 103(1), 238, 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की संयुक्त टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और घेराबंदी कर पतासाजी की जा रही थी। पुलिस कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच तीनों आरोपियों ने अंततः आत्मसमर्पण कर दिया।

गिरफ्तार आरोपी

हेमराज निषाद उर्फ भूरी (30), निवासी रावांभाठा केंवट पारा वार्ड नंबर 14, थाना खमतराई।रोहित निषाद (19), निवासी निषादपारा रावांभाठा, थाना खमतराई।संजय चौहान उर्फ मोरध्वज (31), निवासी रावांभाठा पुरानी बस्ती, थाना खमतराई।विवेचना के दौरान आरोपी रोहित निषाद की निशानदेही पर मृतक का एक्टिवा वाहन और घटना में प्रयुक्त गमछा बरामद किया गया है।

घटना में प्रयुक्त टाटा मैजिक वाहन को थाना धरसींवा पुलिस पहले ही जब्त कर चुकी है।पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी हेमराज निषाद उर्फ भूरी के खिलाफ पूर्व में थाना खमतराई में धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *