कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम खेरभावना के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह काम के सिलसिले में साइकिल से कोरबा गए थे। देर रात वह साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे।
इसी दौरान खेरभावना के पास सामने से आ रही अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और वाहन की पहचान के लिए जांच में जुटी है।