स्कूटी में 4 लड़कों ने किया स्टंट, रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने 4500 चालान काटा 

रायपुर। सार्वजनिक मार्ग पर दोपहिया वाहन में चार सवारी बैठाकर स्टंटबाजी करना चार युवकों को महंगा पड़ गया। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 4500 का चालान किया है।

मामला उस समय सामने आया जब एक समाचार पत्र में प्रकाशित तस्वीर के माध्यम से यातायात पुलिस को जानकारी मिली कि चार युवक एक ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर सार्वजनिक सड़क पर स्टंट कर रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवकों को यातायात कार्यालय बुलाया गया, जहां उनसे पूछताछ और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जांच के बाद युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धाराओं 3/181, 5/180, 184 और 128/194(सी) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि चार सवारी बैठाना, बिना नियमों के वाहन चलाना और सड़क पर स्टंट करना गंभीर लापरवाही की श्रेणी में आता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

कार्रवाई के दौरान युवकों और उनके अभिभावकों को भी यातायात नियमों के पालन को लेकर समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है और इससे चालक के साथ-साथ अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *