रायपुर। राजधानी रायपुर में ज्वेलरी बनाने के नाम पर 150 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर एक कारीगर के फरार होने का मामला सामने आया है। महालक्ष्मी ज्वेलरी वर्कशॉप के संचालक तापस सामंत ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए ज्वेलरी कारीगर शुभांकर हलदर पर अमानत में खयानत का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, शुभांकर हलदर लंबे समय से ज्वेलरी कारीगरी का काम करता था। वह दुकान से फाइन गोल्ड लेकर उससे सोने-चांदी के जेवर तैयार कर वापस करता था। शुरुआती दौर में समय पर जेवर लौटाने के कारण संचालक का उस पर विश्वास हो गया था।
इसी विश्वास के चलते 15 अप्रैल 2026 को शुभांकर हलदर 150 ग्राम फाइन गोल्ड लेकर जेवर बनाने के लिए गया था। 18 अप्रैल को जब संचालक ने फोन कर जेवर तैयार होने के बारे में पूछा, तो उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए गांव जाने की जानकारी दी और लौटने के बाद जेवर बनाकर देने का आश्वासन दिया। इसके बाद 20 अप्रैल को शुभांकर अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर चला गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद उसका कोई संपर्क नहीं हुआ। उसके दोनों मोबाइल नंबर भी बंद बताए जा रहे हैं।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब 150 ग्राम सोने के जेवर वापस नहीं मिले, तो संचालक ने शुभांकर के बारे में जानकारी जुटाई। आरोप है कि पता चला कि वह रायपुर से चला गया है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपी कारीगर की तलाश के साथ ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।