यूपी/ग्रेटर नोएडा. यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती हुई स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. यह घटना यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे हुई, जो जेवर थाना क्षेत्र में आता है. हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई है.
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा तफरी मच गई और लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए बस से कूदना शुरू कर दिया. हादसे में 9 लोगों की जान चली गई. बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे.
देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. आग की सूचना मिलते ही फायर विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद फायर टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन अभी भी कूलडाउन करने की प्रक्रिया जारी है, ताकि बस को पूरी तरह ठंडा किया जा सके.
सबसे चिंता की बात यह है कि कुछ लोगों के अभी भी बस में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. फायर विभाग के मुताबिक, जब तक कूलडाउन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक बस के अंदर तलाशी नहीं ली जा सकेगी. तलाशी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि अंदर फंसे लोगों की स्थिति क्या है और क्या कोई हताहत हुआ है.
फिलहाल आग लगने का सही कारण अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस मौके पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाने में लगी है. यह पूरा मामला अभी जांच का विषय बना हुआ है और आगे की अपडेट का इंतजार किया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस दोनों ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं.