अबॉर्शन की दवाई से गर्भवती महिला की मौत, पति पर खिलाने का आरोप

मेरठ। परतापुर क्षेत्र की ब्रज विहार कॉलोनी में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के मायके वालों ने उसके पति पर जबरन गर्भपात की दवा खिलाने और साजिशन हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी व्यक्ति ने करीब 12 साल पहले अपनी बेटी की शादी हापुड़ के मतनौरा गांव निवासी युवक से की थी। दंपति के पांच बच्चे हैं। दोनों वर्तमान में परतापुर की ब्रज विहार कॉलोनी में रह रहे थे। महिला कुछ माह पहले गर्भवती हुई थी।परिजनों के अनुसार, महिला का पति सोमवार को गर्भपात की दवा लेकर आया था। महिला ने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया था कि वह गर्भपात नहीं कराना चाहती, लेकिन पति उस पर दबाव बना रहा है। आरोप है कि सोमवार शाम पति ने उसे जबरन या धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी। इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।

मंगलवार सुबह महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच बुधवार सुबह कॉलोनी के पास झाड़ियों में भ्रूण मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आवारा कुत्ते भ्रूण को झाड़ियों से सड़क की ओर खींच लाए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महिला के मायके पक्ष ने थाने में तहरीर देकर पति और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत और भ्रूण से जुड़े मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *