धमतरी/भखारा। भखारा थाना क्षेत्र में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंटकर हत्या की और इसके बाद शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया था।
मामला मर्ग क्रमांक 47/2026 की जांच के दौरान सामने आया। मृतका वीणा ध्रुव की मौत संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मौत की प्रकृति मानववध (Homicidal) होना बताया, जिसके बाद भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30), निवासी सुपैला, थाना भखारा से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद और क्षोभ में उसने 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे कपड़े सुखाने में इस्तेमाल होने वाली नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने घटना छिपाने और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त नायलॉन की रस्सी उसके कमरे में बिस्तर के नीचे से बरामद कर जब्त की है।
मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।