कंडेल हत्याकांड का खुलासा, मामूली रंजिश में कातिल बन गया 18 साल का युवक

धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कण्डेल में युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही 18 वर्षीय युवक यावेन्द्र कुमार ध्रुव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह मामूली रंजिश और पूर्व विवाद सामने आया है।

घटना 6 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है। ग्राम कण्डेल निवासी पारसमणी साहू (34) राजमिस्त्री का काम करता था। वह गांव के गौठान स्थित बरगद के पेड़ के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पूर्व विवाद और रंजिश के चलते उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पारसमणी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना प्रभारी निरीक्षक शरद ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों, परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने यावेन्द्र कुमार ध्रुव (18 वर्ष 1 माह), निवासी ग्राम कण्डेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पारसमणी साहू की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घटना में प्रयुक्त चाकू और अन्य सामान बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस द्वारा तकनीकी, फॉरेंसिक और साक्ष्य-आधारित जांच के जरिए हत्या के मामले का त्वरित खुलासा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *