ट्रक ड्राइवर ने भिलाई में ATM तोड़कर पैसे चोरी करने की कोशिश की, गिरफ्तार

भिलाई। सेक्टर-4 बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़कर रुपये चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान केशरा राम (28 वर्ष), निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रक और मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर रुपये निकालने की कोशिश की गई थी। इस मामले में शिकायत मिलने पर 22 अक्टूबर को भिलाई भट्ठी थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम केशरा राम बताया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ट्रक में चूना पाउडर लेकर राजस्थान से भिलाई आया था। बीएसपी में माल खाली करने के बाद वह कंपनी के अगले आदेश का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान उसके पास पैसे खत्म हो गए। इसके बाद उसने बोरिया गेट स्थित एटीएम से रुपये चोरी करने की योजना बनाई।

आरोपी ने अपने ट्रक में रखे लोहे के रॉड और जैक रॉड (सब्बल) से एटीएम मशीन को तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, वह रुपये निकालने में सफल नहीं हुआ। लोगों की आवाजाही देखकर वह वहां से हटकर अपने ट्रक में जाकर छिप गया।

पुलिस ने आरोपी को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और ट्रक क्रमांक RJ 47 GA 3435 जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *