रायपुर। फर्जी निवेश योजना का झांसा देकर चाचा-भतीजे से 74 लाख की ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हो गया है। पुलिस को पीड़ित बहादुर आर्य ने बताया कि 17 अप्रैल को उसने अपने मोबाइल से गूगल पर FOREX ट्रेडिंग सर्च किया, जहां एक वेबसाइट के माध्यम से उसका मोबाइल नंबर FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया। ग्रुप के सदस्यों ने अधिक लाभ का प्रलोभन देकर उसे निवेश करने के लिए प्रेरित किया और मोबाइल नंबर 9112785936 एवं 9657985627 से लगातार संपर्क कर FOREX ट्रेडिंग में निवेश कराया।
आरोपियों के झांसे में आकर बहादुर आर्य और उसके भतीजे नेे कई किश्तों में 74,00,000/- रूपये निवेश किए। इसके बाद आरोपियों ने न तो किसी प्रकार का लाभ दिया और न ही निवेश की गई राशि वापस की। इस ठगी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 159/26 धारा 318(4) बीएनएस, 66(डी) आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
इस मामले में जांच के दौरान मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, टेलीग्राम एवं अन्य डिजिटल आई.डी. के बीच आपसी कड़ियों (Chain Analysis) को जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण एवं बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनकी लोकेशन राजस्थान राज्य में प्राप्त हुई। जिसके बाद रायपुर पुलिस की एक टीम तुरंत राजस्थान रवाना हुई। वहां लगातार कैम्प कर तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की सतत पतासाजी की गई। अथक प्रयासों के पश्चात टीम द्वारा आरोपी मुकेश कुमार मीणा एवं संदीप कुमार को पकड़ा गया। प्राप्त तकनीकी एवं दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार ठगों ने अपना नाम मुकेश कुमार और संदीप कुमार बताया।