22 साल से पुलिस को चकमा दे रहा था स्थायी वारंटी, साप्ताहिक बाजार में घेराबंदी कर दबोचा

दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 22 वर्षों से फरार आरोपी सुखराम उर्फ डेगो को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2004 में अपराध दर्ज होने के बाद से लगातार गिरफ्तारी से बचता आ रहा था।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को थाना कटेकल्याण पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना कुआकोण्डा के अपराध क्रमांक 12/2004, धारा 324 भादवि का स्थायी वारंटी सुखराम उर्फ डेगो, पिता परदेशी, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी मंझारपारा, ग्राम कटेकल्याण, साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में मौजूद है।

सूचना मिलते ही कटेकल्याण पुलिस टीम ने बिना देर किए कटेकल्याण साप्ताहिक बाजार स्थित मुर्गा बाजार के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी के बच निकलने से पहले ही टीम ने उसे दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2004 में अपराध घटित होने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद वह करीब 22 वर्षों तक गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार मुखबिर तंत्र और पुलिस की सतत कार्रवाई के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार स्थायी वारंटी को 12 सितंबर 2026 को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी न्यायालय, दंतेवाड़ा के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र और अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *