कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने रात के समय दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले 8 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना बोडला और साइबर थाना कबीरधाम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी करने वाले 4 आरोपियों के साथ चोरी के माल की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में शामिल 4 अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में किराना समेत अन्य दुकानों को निशाना बनाते थे। आरोपी ताला तोड़कर दुकान में दाखिल होते और वहां रखी नकदी व सामान लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद माल को छिपाकर रखा जाता था और अलग-अलग लोगों के जरिए उसकी खरीद-बिक्री की जाती थी।
31 जुलाई और 1 अगस्त की दरम्यानी रात बोडला और पोंडी की दुकानों में चोरी की घटनाएं हुई थीं। मामले में थाना बोडला में अपराध क्रमांक 89/26 और 90/26 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी तरह सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात सामने आई थी।
लगातार जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। साइबर थाना कबीरधाम के निरीक्षक उमाशंकर राठौर, थाना बोडला के निरीक्षक रूपक शर्मा, थाना सहसपुर लोहारा प्रभारी मनीष मिश्रा और चौकी पोंडी प्रभारी राकेश पटेल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले रवि सारथी, लखन निषाद, राहुल सारथी और रिंकू साहू के खिलाफ धारा 305(A), 331(4) एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और मध्यस्थता में कथित रूप से शामिल एस. सुब्बाराव पात्रों, राहुल दिलदार, शोएब खान और राजू कटले के खिलाफ BNS की धारा 317(2), 317(5) के तहत कार्रवाई की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी रवि सारथी और राहुल सारथी द्वारा बेमेतरा जिले की एक मोबाइल शॉप में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। कबीरधाम पुलिस ने इसकी सूचना बेमेतरा पुलिस को दे दी है, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विवेचना के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त सब्बलनुमा लोहे की रॉड, मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन, चोरी से संबंधित सिगरेट और राजश्री के पैकेट सहित अन्य सामान बरामद किया है। कबीरधाम पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही चोरी के माल की खरीद-बिक्री में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई जारी है।