रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घायल युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी रिषभ शर्मा से हॉर्न बजाने की बात को लेकर कुमार उर्फ राजू बंछोर और उसके साथियों का विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। आरोपियों ने रिषभ पर चाकू से वार किया और सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी और तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुमार बंछोर उर्फ राजू, केवल बघेल और अमन नायक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुमार बंछोर उर्फ राजू (30 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी भाठागांव, केवल बघेल (20 वर्ष), निवासी बैरन बाजार और अमन नायक (21 वर्ष), निवासी बीएसयूपी कॉलोनी भाठागांव, रायपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।