चट्टोग्राम। बांग्लादेश के चट्टोग्राम में फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान बड़ा सैन्य हादसा हो गया। हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान चीनी मूल के Type-59 टैंक में अचानक विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बांग्लादेश सेना के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, फील्ड फायरिंग अभ्यास के दौरान सैनिक Type-59 टैंक का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान टैंक के अंदर अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि टैंक में तैनात दो सैनिकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल एक अधिकारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
फायरिंग अभ्यास के दौरान हुआ हादसा
घटना चट्टोग्राम के हथाजारी क्षेत्र स्थित फील्ड फायरिंग रेंज की बताई जा रही है। सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक से फायरिंग की जा रही थी, तभी अचानक विस्फोट हो गया। हादसे के बाद सैन्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मौके पर राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू की गई। गंभीर रूप से घायल सैन्य अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
हादसे की जांच शुरू
घटना के बाद बांग्लादेश सेना ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में टैंक के अंदर विस्फोट होने की बात सामने आई है, लेकिन विस्फोट की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। बांग्लादेश की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) की ओर से घटना को लेकर आवश्यक कार्रवाई और जांच किए जाने की जानकारी दी गई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हादसे के बाद इससे जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में फायरिंग रेंज के आसपास धुएं का गुबार और सैन्य गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।