गरियाबंद। जिले के झोलाराव गांव में खाद की बोरी चोरी करने का मामला सामने आया, जहां ग्रामीणों ने चोरी के आरोप में पकड़े गए दो लोगों को अनोखे तरीके से सबक सिखाया। दोनों पर एक किसान के घर से खाद की बोरी चोरी करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, खाद की बोरी चोरी करने के बाद दोनों आरोपियों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उनके कंधों पर वही खाद की बोरियां लाद दीं और गाजे-बाजे के साथ पूरे गांव में उनका भ्रमण कराया।
इस दौरान गांव में काफी भीड़ जुट गई और लोग पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। ग्रामीणों द्वारा आरोपियों को इस तरह सार्वजनिक रूप से घुमाए जाने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, मामले में पुलिस कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण की आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। ग्रामीणों की इस अनोखी सजा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी चर्चा है।