बालोद। डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की मौत हो गई। छात्र का शव विद्यालय के कमरा नंबर 16 में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पूरे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम, निवासी ग्राम रीवागहन खेरथा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह छात्र पीटी में शामिल होने नहीं गया था। पीटी खत्म होने के बाद जब अन्य छात्र वापस कमरे की ओर पहुंचे, तब उन्हें घटना की जानकारी हुई। कमरे में छात्र को फंदे पर लटका देखकर स्कूल प्रबंधन और छात्रों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।