Headlines

रायपुर के मिल्क पार्लर में मिली गंदगी, निगम ने ठोका जुर्माना

रायपुर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने नगर निगम जोन-4 के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर संबंधित लोगों पर जुर्माने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अपर आयुक्त के निर्देश पर जोन-4 स्वास्थ्य विभाग ने गंदगी पाए जाने पर कुल 6 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹10,500 का ई-चालान काटा। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को भविष्य में गंदगी नहीं फैलाने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की कड़ी हिदायत भी दी। कार्रवाई के तहत सोनू सोनकर पर ₹2,000, संतोष देवभोग मिल्क पार्लर पर ₹5,000 और ऋषभ रक्सेल पर ₹2,000 का जुर्माना लगाया गया। वहीं सुनील लहरवानी, जलन सागर और चेतन मंडले पर ₹500-₹500 का ई-चालान किया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर गंदगी मिलने पर अपर आयुक्त लोकेश्वर साहू ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित लोगों को मौके पर ही स्वच्छता बनाए रखने की कड़ी हिदायत दी गई है। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, जोन-4 जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *