नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन BRICS Summit 2026 में शामिल होने के लिए शुक्रवार को भारत पहुंच गए। पुतिन का विमान दिल्ली के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरा, जहां भारत के विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने उनका स्वागत किया। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति का काफिला एयरपोर्ट से रवाना हो गया। उनके दिल्ली स्थित आईटीसी मौर्या होटल में ठहरने की संभावना है।
पुतिन के भारत दौरे को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट से होटल और होटल से भारत मंडपम तक जाने वाले मार्गों पर सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है। BRICS Summit 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होना है, जिसमें कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुख शामिल होंगे।
BRICS Summit में हिस्सा लेने के साथ ही राष्ट्रपति पुतिन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय मुलाकात भी प्रस्तावित है। दोनों नेताओं के बीच भारत-रूस संबंधों के साथ कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। पुतिन का यह पिछले नौ महीनों में दूसरा भारत दौरा है। इससे पहले वह 5 दिसंबर 2025 को भारत आए थे।
पुतिन के संभावित ठहराव वाले होटल और उसके आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। होटल में चार स्तर का सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सबसे अंदर क्लोज प्रोटेक्शन टीम (CPT) राष्ट्रपति की नजदीकी सुरक्षा संभालेगी। इसके बाद दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती रहेगी। तीसरे सुरक्षा घेरे में दिल्ली पुलिस के कमांडो और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे, जबकि सबसे बाहरी सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के पास होगी। होटल कर्मचारियों की भी जांच की गई है। वहीं, रूसी सुरक्षा टीम पहले ही दिल्ली पहुंचकर होटल और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले चुकी है।