तेलंगाना। जोगुलाम्बा गडवाल जिले में अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद युवक के घर में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी से नाराज युवती के कुछ रिश्तेदारों ने ट्रैक्टर की मदद से युवक के घर का एक कमरा गिरा दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गडवाल ग्रामीण मंडल के रेपल्ली गांव निवासी युवक अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से है, जबकि युवती BC समुदाय से आती है। युवक पेशे से ड्राइवर है और युवती कॉलेज के अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रही है। दोनों की मुलाकात हैदराबाद में हुई थी, जहां दोनों कुछ समय से रह रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने 9 सितंबर को प्रेम विवाह किया था। शादी की जानकारी मिलने के बाद युवती के परिवार और कुछ रिश्तेदार नाराज हो गए। इसके बाद कुछ रिश्तेदार गांव पहुंचे और अगले दिन युवक के बंद पड़े मकान में तोड़फोड़ की।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गुरुवार शाम ट्रैक्टर की मदद से युवक के दो कमरों वाले मकान में से एक कमरे को गिरा दिया गया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। मकान पिछले कई महीनों से बंद था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तोड़फोड़ की घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में अंतरजातीय विवाह का विरोध घटना की वजह सामने आ रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।