रायपुर। देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सेंटर से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। मामले में स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा एक्ट) 1956 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को एसीपी सिविल लाइन स्नेहिल साहू के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन और देवेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने इशवा लग्जरी स्पा सेंटर में रेड की कार्रवाई की।
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि स्पा सेंटर में काम करने वाली युवतियों से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवतियों ने आरोप लगाया कि सेंटर के संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर निवासी टिकरापारा और मैनेजर मुकेश कुमार वर्मा निवासी भिलाई-3 द्वारा कथित तौर पर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाता था। पुलिस का यह भी कहना है कि सेंटर में अन्य राज्यों से युवतियों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पीटा एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज
मामले में देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और मैनेजर के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

