छत्तीसगढ़/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में आज भीषण सड़क हादसे में 3 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसा नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर पिंपलगांव सड़क के पास सुबह करीब 4 बजे हुआ।
पुलिस के मुताबिक, बोलेरो सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रायपुर से नेशनल हाईवे-53 के रास्ते नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग उसमें फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। महाराष्ट्र में लगातार दूसरे दिन सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है।
इससे एक दिन पहले, गुरुवार को नांदेड जिले में नांदेड-भोकर रोड पर वैन और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। लगातार हो रहे इन सड़क हादसों ने हाईवे पर यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।