मंत्री गुरु खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने थामा कांग्रेस का हाथ, भूपेश बघेल ने गमछा पहनाकर किया स्वागत

रायपुर। विष्णुदेव साय सरकार में मंत्री गुरु खुशवंत साहब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर आयोजित मुलाकात के दौरान बघेल ने ढाल दास को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी भी रही।

ढाल दास सतनामी समाज की सामाजिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि से आते हैं। ऐसे में उनका कांग्रेस में शामिल होना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर मंत्री गुरु खुशवंत साहब के परिवार से जुड़े व्यक्ति के कांग्रेस में आने को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।

ढाल दास के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को सतनामी समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, भाजपा के लिए भी यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है।

हालांकि, ढाल दास की कांग्रेस में नई भूमिका और आगामी दिनों में उनकी राजनीतिक सक्रियता को लेकर तस्वीर अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन उनका पार्टी में प्रवेश ऐसे समय हुआ है, जब छत्तीसगढ़ में दोनों प्रमुख राजनीतिक दल सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को लेकर लगातार अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *