सड़क पर गणेश पंडाल लगाने पर निगम-पुलिस सख्त, समिति पदाधिकारियों को नियमों का पालन करने की समझाइश

रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान सड़क पर पंडाल लगाए जाने को लेकर नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। रायपुर नगर निगम के जोन 5 क्षेत्र में लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना तक सड़क पर लगाए जा रहे श्री गणेश पंडाल की जानकारी मिलते ही निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में निगम अधिकारियों ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम जोन के पुलिस अधिकारियों के साथ गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से चर्चा की।

अधिकारियों ने समिति के सदस्यों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि सड़क पर आवागमन बाधित करते हुए गणेश पंडाल नहीं लगाया जाए। पंडाल लगाने से पहले छत्तीसगढ़ शासन, रायपुर जिला प्रशासन और संबंधित नियमों के तहत आवश्यक अनुमति एवं अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निगम अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान नागरिकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है। समिति पदाधिकारियों से पंडाल के लिए प्राप्त अनापत्ति प्रमाण पत्र की जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा गया।

नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद समिति पदाधिकारियों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की, ताकि उत्सव के दौरान किसी प्रकार की यातायात समस्या या सार्वजनिक असुविधा उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *