सरगुजा में महिला सरपंच को करैत सांप ने डसा, मौत

सरगुजा। बतौली पंचायत की वर्तमान सरपंच जगरमति पैंकरा (48 वर्ष) की जहरीले करैत सांप के डसने से मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की है। घर में सोते समय बिस्तर पर चढ़े करैत सांप ने उन्हें डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात भोजन करने के बाद जगरमति पैंकरा अपने घर में सो रही थीं। इसी दौरान बिस्तर पर करैत सांप चढ़ गया और उसने उन्हें डस लिया। रात करीब 2 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। सांप के काटने की आशंका होने पर परिजनों ने बिस्तर हटाकर देखा तो उसमें सांप मौजूद था।

परिजनों ने सांप को सुरक्षित ढककर रखने के बाद जगरमति पैंकरा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक सांप का जहर तेजी से शरीर में फैल चुका था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद सुबह करीब 6 बजे उपचार के दौरान जगरमति पैंकरा ने दम तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *