दुर्ग। मोहन नगर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सर्किट हाउस के पीछे गांजा बेचने की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 6.194 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सर्किट हाउस के पीछे दो व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस की विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास रखे सफेद बोरे से 6.194 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जी. बापजी (35 वर्ष), निवासी कैंप-01 सुंदर नगर और इम्तियाज उर्फ राजू (37 वर्ष), निवासी कैंप-01 सुंदर नगर, थाना छावनी के रूप में हुई है।
मामले में मोहन नगर थाने में अपराध क्रमांक 649/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।