बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने किराना दुकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में तीन अपचारी बालकों की भी पहचान कर उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी, सिगरेट और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, हेमूनगर निवासी रवि शर्मा मसाला एवं डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। 8 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोर दुकान में घुसकर गल्ले में रखे 300 रुपये नकद, 67 पैकेट सिगरेट सहित मिच्चर के पैकेट चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन संदिग्ध नजर आए।
फुटेज और हुलिए के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी राहुल करेलिया (20), निवासी करगीरोड, कोटा की पहचान हुई। उसके साथ तीन अपचारी बालकों के शामिल होने की बात सामने आई। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 67 पैकेट सिगरेट, 300 रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने राहुल करेलिया को गिरफ्तार कर 12 सितंबर 2026 को रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जबकि तीनों अपचारी बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार कर उन्हें बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।