Headlines

इधर रायपुर में युवक ने तोड़ा दम, उधर बिलासपुर में हत्यारों की हुई गिरफ्तारी

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में मारपीट के बाद इलाज के दौरान 19 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर युवक के साथ गाली-गलौज कर हाथ-मुक्का और लाठी-डंडे से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अपराध क्रमांक 839/2026 दर्ज किया गया है। प्रारंभ में पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। इलाज के दौरान युवक की मौत होने के बाद प्रकरण में धारा 103(2) और 324 बीएनएस जोड़ी गई।

7 सितंबर की रात घर से निकला था युवक

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को मृतक की मां ने थाना सकरी पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका 19 वर्षीय बेटा शेख इस्माईल 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं आया।रात करीब 1 बजे परिजनों को सूचना मिली कि ग्राम लोखण्डी के कुछ युवकों द्वारा शेख इस्माईल के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और लाठी-डंडे से मारपीट की गई है। मारपीट में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद डायल 112 की सहायता से उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रायपुर में इलाज के दौरान हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, गंभीर हालत को देखते हुए युवक को आगे के उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 सितंबर 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

सकरी पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

  • अक्षय कुमार गढ़ेवाल, पिता ढालेराम गढ़ेवाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम लोखण्डी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
  • प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम, पिता मालिकराम श्रीवास, उम्र 29 वर्ष, निवासी इमली चौक बिरतियापारा, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
  • दिलीप कुमार निर्मलकर, पिता राज कुमार निर्मलकर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम लोखण्डी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।
  • गोविंद पटेल उर्फ दौलत, पिता गोपाल पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम लोखण्डी, थाना सकरी, जिला बिलासपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *