रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीजा तिहार को लेकर उत्साह और आस्था का माहौल है। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की माताओं और बहनों को तीजा तिहार की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने तीजा पर्व को छत्तीसगढ़ की महतारी-बहनों की आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संदेश में कहा, “तीजा के पावन परब हमर महतारी-बहिनी मन के अटूट आस्था, प्रेम अउ समर्पण के प्रतीक आय।” उन्होंने कहा कि तीजा के दिन महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर निर्जला उपवास रखती हैं।
भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की करती हैं पूजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा तिहार के अवसर पर छत्तीसगढ़ की माताएं और बहनें श्रद्धा एवं भक्तिभाव से भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना करती हैं। यह पर्व पारिवारिक सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की मंगलकामना से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और संस्कृति में विशेष स्थान रखता है। इस दौरान महिलाएं मायके पहुंचकर पर्व मनाती हैं और पूजा-अर्चना के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करती हैं।