महासमुंद। बिरकोनी क्षेत्र में स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने दो युवकों को चाकू मारने की धमकी देकर मोबाइल और नगदी लूट ली।
वारदात के बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कूटी से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर महासमुंद कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बालोद खपरी निवासी तरुण कुमार नेताम वर्तमान में मनोरमा इंडस्ट्रीज, बिरकोनी में रहकर रोजी-मजदूरी का काम करता है। तरुण ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त भीषम निर्मलकर के साथ पैदल बिरकोनी से सब्जी खरीदकर मनोरमा इंडस्ट्रीज वापस लौट रहा था।
दोनों जब फ्लोटेक्स सोलर कंपनी, बिरकोनी के पास पहुंचे, तभी पीछे से काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दोनों को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद तीनों में से दो युवक स्कूटी से नीचे उतरे और तरुण व उसके दोस्त को धमकाते हुए कहा कि उनके पास जो सामान है, वह उन्हें दे दें, वरना दोनों को चाकू मार देंगे।
धमकी से डरकर तरुण ने अपनी जेब में रखा iPhone 13 Pro मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है, तथा 500 रुपये नगद आरोपियों को दे दिए। शिकायत के मुताबिक, जाते समय आरोपियों में से एक ने अपना नाम राहुल बताते हुए तरुण को धमकी दी और तीनों बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कूटी से मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।