प्रेमी था माना के पास महिला को जिंदा जलाने की कोशिश करने वाला शख्स, Video

photo - मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना माना बस्ती से बरौंदा जाने वाले कनेक्टिंग रोड पर एटीसी के पीछे गेट नंबर-5 के पास की बताई जा रही है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को डायल-112 की मदद से उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है और मामले में संदिग्ध आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 की रात करीब साढ़े 8 बजे डायल-112 में सूचना मिली कि माना बस्ती से बरौंदा जाने वाले कनेक्टिंग रोड पर एटीसी के पीछे गेट नंबर-5 के पास एक अज्ञात महिला को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंधेरे का फायदा उठाकर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने की महिला की पहचान

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। महिला की पहचान राजकुमारी साहू, पति खुमान साहू, निवासी मोखला, थाना आरंग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संदिग्ध आरोपी के बारे में भी जानकारी सामने आई है। आरोपी का नाम वीरेंद्र धीवर बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है।

प्रेम प्रसंग में विवाद की आशंका

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़े आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है। बताया गया है कि राजकुमारी साहू अपने पति से अलग रह रही थी। इसी दौरान वीरेंद्र धीवर के साथ उसके संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि महिला पर हमला किस वजह से किया गया तथा घटना के पीछे आरोपी की क्या भूमिका है।

2021 में भी सामने आया था विवाद

पुलिस के अनुसार, साल 2021 में भी वीरेंद्र धीवर का नाम एक गंभीर विवाद में सामने आया था। उस समय उसने अपनी शादीशुदा प्रेमिका राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से जानलेवा हमला किया था। इस संबंध में आरंग थाने में शिकायत दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी वीरेंद्र धीवर की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद घटना की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *