बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र में ठेका श्रमिक से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को एनटीपीसी सीपत में काम करने वाला ठेका श्रमिक असहद अली काम खत्म होने के बाद सब्जी लेकर पैदल ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी जा रहा था। इसी दौरान नहर रोड के पास चार लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
असहद अली ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की शिकायत सीपत थाने में दर्ज कराई गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी (18 वर्ष 2 माह) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने तीन अन्य अपचारी बालकों के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने एक अपचारी बालक के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किया। मामले में आरोपी और अपचारी बालकों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।