बिलासपुर। शहर में बदमाशों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सिटी कोतवाली पुलिस ने धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान टीकरापारा यादव मोहल्ला निवासी अंकुश यादव (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आज मुखबिर से सूचना मिली थी कि अंकुश यादव ज्वाली नाला मेडिकल कॉम्प्लेक्स के पीछे मैदान के पास धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
पुलिस टीम ने मौके से आरोपी अंकुश यादव को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 519/26, धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।