Headlines

PM आवास पर भूपेश बघेल और विजय शर्मा आमने-सामने, बहस के बाद छिड़ा पोस्टर वार, BJP ने आंकड़ों के साथ साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बहस अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के बीच पीएम आवास को लेकर तीखी बहस के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है।

प्रेस क्लब में हुई चर्चा के दौरान मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति और निर्माण से जुड़े आंकड़े सामने रखते हुए पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। वहीं, भूपेश बघेल ने सरकार की ओर से पेश किए गए आंकड़ों पर सवाल खड़े किए और अपने कार्यकाल के दौरान योजना को लेकर सरकार का पक्ष रखा।

बहस के बाद भाजपा ने सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। भाजपा के पहले पोस्टर में लिखा गया— “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर ATM, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”

इसके बाद भाजपा ने एक और पोस्टर जारी किया, जिसमें लिखा गया— “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”भाजपा ने इन पोस्टरों के जरिए पीएम आवास योजना को लेकर सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों को सही बताते हुए कांग्रेस के दावों पर सवाल उठाया। पार्टी का संदेश रहा कि पीएम आवास योजना के वास्तविक आंकड़ों के सामने आने के बाद राजनीतिक दावों की तस्वीर साफ हो रही है।

भाजपा के पोस्टर सामने आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के जरिए मंत्री विजय शर्मा पर पलटवार किया। अपने फेसबुक अकाउंट पर उन्होंने लिखा— “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।” इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर दोनों दलों के समर्थकों के बीच भी बहस तेज हो गई है।

दरअसल, प्रेस क्लब में आयोजित चर्चा का मुख्य मुद्दा प्रधानमंत्री आवास योजना था। विजय शर्मा ने योजना की प्रगति और स्वीकृत आवासों से जुड़े आंकड़े रखते हुए कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाए। वहीं भूपेश बघेल ने इन आंकड़ों और सरकार के दावों को चुनौती दी।

अब प्रेस क्लब की बहस के बाद पीएम आवास का मुद्दा एक बार फिर छत्तीसगढ़ की सियासत के केंद्र में आ गया है। भाजपा जहां आंकड़ों के जरिए कांग्रेस को घेर रही है, वहीं कांग्रेस पूर्ववर्ती सरकार के कामकाज और अपने दावों के आधार पर पलटवार कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *