उड़ रही फ्लाइट आसमान में क्षतिग्रस्त, फिर भी यात्री सुरक्षित

ईरान। ईरान में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक विमान में ऐसी तकनीकी समस्या आई कि यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। विमान में तेज कंपन होने लगा और केबिन की छत का एक हिस्सा नीचे आ गिरा। इस दौरान यात्रियों के चीखने-चिल्लाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, Sepehran Airlines का Boeing 737 विमान मशहद से करमानशाह के लिए उड़ान भर रहा था। टेकऑफ के कुछ समय बाद विमान के लैंडिंग गियर का एक टायर फटने या अलग होने की सूचना सामने आई। इसके बाद विमान में तेज कंपन महसूस हुआ और तकनीकी समस्या के कारण पायलटों ने विमान को वापस मशहद एयरपोर्ट ले जाने का फैसला किया।

विमान के वापस लौटने के दौरान हालात उस वक्त और डरावने हो गए, जब केबिन की छत की अंदरूनी लाइनिंग और कुछ पैनल नीचे गिरने लगे। ऊपर रखे सामान के भी गिरने की खबर है। सामने आए वीडियो में यात्री घबराए हुए नजर आ रहे हैं और कुछ यात्री चीखते-चिल्लाते दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, टायर से जुड़ी खराबी के बाद इंजन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई, जिसके कारण विमान में तेज कंपन हुआ। हालांकि, घटना के तकनीकी कारणों की आधिकारिक जांच की जा रही है।

इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्री सुरक्षित

घबराहट भरे इस घटनाक्रम के बावजूद राहत की बात यह रही कि विमान मशहद एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। रिपोर्टों के अनुसार, विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बाद में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी उड़ान की व्यवस्था की गई। घटना के बाद मशहद एयरपोर्ट के रनवे को कुछ समय के लिए जांच के लिए बंद किया गया था। विमानन अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *