नेपाल में छिपा था कांग्रेसी नेता पर हमले की साजिश रचने वाला, दीपक तिवारी की हुई गिरफ्तारी

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेसी नेता पर हमले की साजिश के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीपक तिवारी (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था और कई दिनों से फरार था।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को शिशिर कश्यप ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। रेलवे अस्पताल के पास तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि इन लोगों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और डंडे व नुकीली वस्तु लेकर पहुंचे थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की पहचान की गई और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक, आंचल साहिल और नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

वहीं, पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी दीपक तिवारी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था। तारबाहर पुलिस और साइबर टीम उसकी लगातार तलाश कर रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *