भृत्य के घर हुई चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले 3 गिरफ्तार

बिलासपुर। सकरी थाना पुलिस ने सत्यानगर अमेरी में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत चोरी का सामान खरीदने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, सत्यानगर अमेरी निवासी शिक्षा विभाग में भृत्य अक्षय कुमार टाण्डे 29 अगस्त की रात अपने मकान में ताला लगाकर तिफरा स्थित घर चले गए थे। 16 सितंबर को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का ताला टूटा हुआ था और घर से सामान गायब था।

शिकायत के मुताबिक, चोर छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए थे। घर के कमरों और अलमारी का ताला तोड़कर 12 हजार रुपये नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास, प्लेट, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन का वोल्टास एसी चोरी किया गया था। चोरी गए सामान की कीमत 42 हजार रुपये बताई गई।

शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई और मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर अविनाश खांडे (24 वर्ष) को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अविनाश ने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान अलग-अलग लोगों को बेचने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले सौरभ बंजारे, दीपेश गुप्ता और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर लिया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *