Headlines

रायपुर प्रेस क्लब में नए सूचना पटल की शुरुआत, पत्रकारिता और क्लब की विविध गतिविधियों की मिलेगी जानकारी

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में गणेश पूजन के बाद वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर राम साहू के करकमलों से नए सूचना पटल का विधिवत अनावरण किया गया। प्रेस क्लब पहुंचने वाले सदस्यों, पत्रकार साथियों और आगंतुकों को क्लब की गतिविधियों एवं पत्रकारिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस नए सूचना पटल की शुरुआत की गई है।

रायपुर प्रेस क्लब के इस नए सूचना पटल पर प्रेस क्लब में आयोजित होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस, महत्वपूर्ण सूचनाओं और कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रतिदिन एक प्रेरणादायी ‘सुविचार’ भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकार साथियों की रचनात्मकता और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को भी सूचना पटल के माध्यम से सामने लाया जाएगा।
सूचना पटल में ‘स्टोरी ऑफ द डे’, ‘पिक्चर ऑफ द डे’ और ‘कार्टून कोना’ जैसे विशेष सेक्शन बनाए गए हैं।

‘स्टोरी ऑफ द डे’ में पत्रकार साथियों द्वारा की गई उल्लेखनीय और प्रभावशाली खबरों को स्थान दिया जाएगा। ‘पिक्चर ऑफ द डे’ के माध्यम से फोटो पत्रकार साथियों की उत्कृष्ट तस्वीरों को प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि ‘कार्टून कोना’ में समसामयिक विषयों पर सामाजिक संदेश देने वाले सार्थक एवं रचनात्मक कार्टून प्रदर्शित किए जाएंगे।

रायपुर प्रेस क्लब का मानना है कि पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों की रचनात्मकता, दृष्टि, विचार और सामाजिक सरोकार भी पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसी सोच के साथ सूचना पटल को पत्रकार साथियों की प्रतिभा और कार्यों को सम्मान देने तथा क्लब आने वाले आगंतुकों को पत्रकारिता की विविध विधाओं से परिचित कराने का माध्यम बनाया गया है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर राम साहू, शंशाक खरे, प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में गोकुल सोनी, राजकुमार चतुर्वेदी, नरेंद्र बंगाले, दीपक पांडे, विनय घाटगे, प्रदीप डड़सेना, राजेश सोनकर, दीपेंद्र सोनी, मनोज देवांगन, रमन हलवाई, त्रिलोचन मानिकपुरी, हेमंत गोस्वामी, सुधीर सागर, शरणजीत तेतरी, राजीव रंजन रैना, संतोष तिवारी, जय गोस्वामी, हेमंत डोंगरे एवं विजय देवांगन, हरिमोहन सहित पत्रकार साथियों की सहभागिता रही।
रायपुर प्रेस क्लब का यह नया सूचना पटल अब खबर, विचार, तस्वीर और रचनात्मकता को एक मंच पर प्रस्तुत करते हुए पत्रकारिता की विविधता का परिचय देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *