Headlines

नगरी पुलिस ने छिपली और डिहीपारा में दबिश दी, 11 जुआरी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में नगरी पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी स्ट्रीट लाइट की रोशनी में खड़खड़िया और 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,455 रुपये नकद, ताशपत्ती, खड़खड़िया गोटी और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगरी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर कुल 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया।

पहली कार्रवाई

पुलिस की पहली कार्रवाई ग्राम छिपली कॉलेज चौक के पास बस्ती में की गई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग खड़खड़िया गोटी और हुकुम, ईंट, चिड़ी, पान के चिन्ह वाले पंपलेट के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे।

पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6 नग खड़खड़िया गोटी, एक नीले रंग की टोकरी, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री और 7,220 रुपये नकद जब्त किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत धारा 6(क) जुआ एक्ट में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में आसकरण बोरझरिया (44), शांतनु कुमार (37), सुरेंद्र कुमार (28) और रुस्तम नवरंग (26) शामिल हैं। सभी ग्राम छिपली, थाना नगरी, जिला धमतरी के निवासी हैं।

दूसरी कार्रवाई

दूसरी कार्रवाई नगरी के डिहीपारा रंगमंच के पास की गई। यहां स्ट्रीट लाइट की रोशनी में सात लोग 52 पत्ती ताश से कांट नामक जुआ खेलते हुए रुपये-पैसों का दांव लगा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, जुआ खेलने के लिए इस्तेमाल की गई प्लास्टिक बोरी और 1,235 रुपये नकद जब्त किए। इस मामले में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप साहू (22), पुरंजय सोन (28), अरुण सोनी (52), तुलसीनारायण यादव (28), गितेश साहू (28), धनराज यादव (28) और तरुण सोनी (32) शामिल हैं। सभी नगरी वार्ड क्रमांक 01 के निवासी हैं। पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 8,455 रुपये नकद के साथ 6 खड़खड़िया गोटी, 52 ताशपत्ती, प्लास्टिक पंपलेट, टोकरी और बोरी जब्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *