रायपुर। देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला सिटी निवासी महिला महक होतवानी ने एक अज्ञात मोबाइल नंबर से आए धमकी भरे फोन की शिकायत टिकरापारा थाने में दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:29 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को भुवनेश्वर पुलिस थाने से होना बताया।
महिला के अनुसार, आरोपी ने फोन पर कहा कि उसके खिलाफ शिकायत मिली है और उसे धमकाते हुए कहा कि अगर वह नहीं सुधरी तो उसे उठाकर थाने ले जाया जाएगा। जब महिला ने उससे शिकायत और शिकायतकर्ता के बारे में जानकारी मांगी तो उसने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा।
महिला ने गाली देने से मना किया तो आरोपी ने उसे जेल भेजने की धमकी दी। इससे वह काफी डर गई और मानसिक रूप से परेशान हो गई। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका भुवनेश्वर थाने से कोई संबंध नहीं है और वह भुवनेश्वर में किसी व्यक्ति को जानती-पहचानती भी नहीं है।
महिला ने घटना की जानकारी अपने पति अजय होतवानी को दी और उनके साथ टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात कॉल करने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।