कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके घर की बाड़ी स्थित सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय संतोषी कथित तौर पर मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ था और मारपीट में संतोषी की मौत होने की बात सामने आई है। इसके बाद आरोपी ने शव को बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और संतोषी के भाइयों को गुमराह करता रहा।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब रक्षाबंधन के मौके पर संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची। इसके बाद उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्होंने घर की बाड़ी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला देखा। आसपास बदबू आने पर टैंक की जांच की गई, जहां संतोषी का शव बरामद हुआ।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के पूरे घटनाक्रम और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।