Headlines

विदेशी स्टूडेंट्स की सुरक्षा को लेकर शासन अलर्ट, विश्वविद्यालय-कॉलेज परिसर में सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कलेक्ट्रेट में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, संस्थानों की जिम्मेदारी, निगरानी व्यवस्था और पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

15 से 30 दिन में सुरक्षित आवास में शिफ्ट करने के निर्देश

बैठक में विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को निर्देश दिया गया कि छात्रावास से बाहर निजी मकानों, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे विदेशी विद्यार्थियों को अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए अथवा संस्थान से संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यार्थियों की सुविधा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

शिकायतों पर निगरानी और काउंसलिंग पर जोर

प्रशासन के अनुसार, विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित कुछ शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में संस्थानों को प्रभावी निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। कानून का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

भारतीय कानून और स्थानीय व्यवहार की जानकारी देने के निर्देश

विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए नियमित ओरिएंटेशन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इनमें भारतीय कानून, स्थानीय सामाजिक व्यवहार, सार्वजनिक आचरण, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, आपातकालीन सहायता और नशीले पदार्थों सहित कानून-विरोधी गतिविधियों से बचने की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

विदेशी विद्यार्थियों का रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश

सभी विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को अपने यहां अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन और सत्यापित जानकारी व्यवस्थित रूप से रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन और पुलिस के साथ साझा करने को कहा गया। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश की स्थिति, आवास और आवश्यक संपर्क संबंधी जानकारी शामिल है।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विदेशी विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से रायपुर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थी, अभिभावक और समाज के समन्वित प्रयास से ही बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *