बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के बेलोदी गांव में एक युवक द्वारा खुद को धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान नरेंद्र रावटे, पिता बालचंद रावटे, निवासी भेड़ियानवागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक सुबह अपने घर से निकला था। इसके बाद वह बेलोदी गांव पहुंचा, जहां उसने खुद को धारदार हथियार से घायल कर लिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों के अनुसार नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। परिजनों का कहना है कि वह किसी के उसे नुकसान पहुंचाने की बात भी कह रहा था। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।