पेंड्रा। पेंड्रा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती की मौत हो गई। पेंड्रा थाना क्षेत्र के अमरपुर के पास तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, हार्वेस्टर और बाइक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के बाद युवक हार्वेस्टर की मशीन में फंस गया, जबकि युवती उछलकर सड़क से दूर जा गिरी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान मुकेश पोर्ते के रूप में हुई है। वह घाटबहरा के खुसरोपारा का निवासी था। वहीं, मृतक युवती दुलरिया बस्ती की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल हार्वेस्टर को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद से फरार चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना से दोनों परिवारों में शोक की लहर है।