Headlines

सिर पर ईंट मारकर महिला की हत्या, कोरबा में वारदात

कोरबा। जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके ही घर के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने और घटनास्थल से ईंट के टुकड़े बरामद होने के बाद प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के मुताबिक, घटना का पता उस समय चला जब महिला का पति सहदेव राम चौहान सुबह घर पहुंचा। घर के अंदर पत्नी का शव देखकर वह घबरा गया। इसके बाद उसने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना को किसने अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया, जिसकी मदद से घटनास्थल की जांच की गई।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *