Headlines

धमतरी की महिला को दुर्ग पुलिस ने किया गिरफ्तार, हॉस्पिटल की पार्किंग से स्कूटी चुराते पकड़ी गई

दुर्ग। शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग से TVS iQube स्कूटी चोरी करने वाली महिला को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला चोरी की स्कूटी को ठिकाने लगाने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का वाहन भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमन कुमार गेन्ड्रे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 अक्टूबर 2026 की रात से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी की पार्किंग में खड़ी उनकी TVS iQube स्कूटी चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1638/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

चोरी की स्कूटी बेचने ग्राहक तलाश रही थी महिला

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेक्टर-04 भिलाई क्षेत्र में एक महिला चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना मिलते ही चौकी स्मृति नगर और थाना सुपेला पुलिस की टीम महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और संदेही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान महिला ने शंकराचार्य अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सेक्टर-04, सड़क नंबर 19 स्थित एम.ओ.एच. हॉस्टल परिसर से चोरी की गई TVS iQube स्कूटी क्रमांक CG 07 DA 7902 बरामद कर जब्त कर ली।

धमतरी जिले की रहने वाली है आरोपी महिला

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान भोज निषाद (28 वर्ष), निवासी ग्राम बोरसी, शीतला पारा, वार्ड क्रमांक-01, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता सेक्टर-04, सड़क नंबर 19, एम.ओ.एच. हॉस्टल, जिला दुर्ग बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला पुलिस टीम और महिला पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *