बलौदाबाजार। जिले में जुआरियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम हसौद में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे कुछ लोग मौके से भागने में सफल रहे। इनमें कांग्रेस नेता विमल अजय भी शामिल था। हालांकि, पुलिस ने दूसरे दिन उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कसडोल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हसौद स्थित ग्वालिन नाला के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर कटपत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की गाड़ी देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से 1,020 रुपये नगद और ताश की 52 पत्ती जब्त की। मामले की जांच और पूछताछ के दौरान गगन यादव, मुकेश यादव, नवीन साहू और विमल अजय के नाम सामने आए। बताया गया कि कार्रवाई के दौरान विमल अजय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
दूसरे दिन पुलिस ने किया गिरफ्तार
फरार आरोपी विमल अजय की तलाश में जुटी पुलिस ने आखिरकार दूसरे दिन उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ 5 नवंबर को अपराध क्रमांक 423/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।
जुआरियों के खिलाफ अभियान जारी
जिले में जुआ और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। कसडोल थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी चर्चा हो रही है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जुआ जैसी अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।