रायपुर। आजाद चौक में विवाद के बाद एक परिवार की कार का पीछा कर बैरन बाजार क्षेत्र में कार के पीछे के कांच पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना के करीब एक घंटे के भीतर हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे प्रीतम सिंह अपने परिवार के साथ गणेश पंडाल देखने और घूमने निकले थे। इसी दौरान आजाद चौक के पास उनका दो युवकों से विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया।
इसके बाद प्रीतम सिंह परिवार के साथ कार से वहां से आगे बढ़ गए। आरोप है कि दोनों युवक उनकी कार का पीछा करते हुए बैरन बाजार तक पहुंचे और मौका पाकर कार के पीछे के कांच पर पत्थर मार दिया। पत्थर लगने से कार का कांच टूट गया। घटना के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और घटना में इस्तेमाल वाहन के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए दोनों को करीब एक घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष यादव (19) और आदित्य सिंह ठाकुर (22), दोनों निवासी खो-खो पारा, पुरानी बस्ती रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत धारा 296, 125, 324(1) और 3(5) बीएनएस में कार्रवाई की है। दोनों युवकों के खिलाफ अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।