गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के अमरकंटक चौक पर देर रात जन्मदिन समारोह आयोजित कर भीड़ जुटाने के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्दू समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर की है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 11:42 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें अमरकंटक चौक पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। वीडियो में सिद्धार्थ दुबे का जन्मदिन मनाने के लिए मंच लगाए जाने और केक काटे जाने के दृश्य नजर आए।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक चौक पर भीड़ एकत्रित होने के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। वीडियो में सिद्धार्थ दुबे के साथ मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल सहित अन्य लोग भी दिखाई दे रहे थे।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 0414/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।