सिद्धार्थनगर। जिले के बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव में शादी के महज 24 घंटे बाद नवविवाहित दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार को दोनों के शव घर के अंदर मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक, देशराज चौहान और अनीता चौहान की शादी सोमवार 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में दोनों परिवारों की सहमति से हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने घर पहुंचे थे। अगले ही दिन दोनों की मौत की सूचना सामने आई। अनीता का मायका जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कड़जहवा गांव में बताया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर बांसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल दंपति की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।